Gangaghat:-मासूम के हत्या के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे में ही लंगड़ा कर दिया है।आपसी विवाद में रविवार रात ताबड़तोड़ करीब दस राउंड फायरिंग करने की घटना में पड़ोस में रहने वाले दस साल के बच्चे की माैत हो गई थी। घटना में आरोपियों को तलाश कर रही पुलिस ने सोमवार दोपहर जंगल में छिपे मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गगनीखेड़ा में आपसी रंजिश में दो पक्षों में रविवार रात करीब 10:30 बजे फायरिंग हुई थी। शोर सुनकर घर से बाहर निकले पड़ोसी सोनू के दस साल के बेटे अजीत की सीने में गोली लगने से मौत हो गई थी। मृत बच्चे के पिता सोनू की तहरीर पर पुलिस ने अशोक निषाद, उसके भाई विनोद, उनके भांजे लल्लू, अमित और सुरेश निषाद के खिलाफ नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच में पाया गया कि अशोक द्वारा चलाई गई गोली से बच्चे अजीत की मौत हुई। अशोक की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही पुलिस को सोमवार दोपहर पता चला कि अशोक इसी कोतवाली क्षेत्र के लखनापुर पंचायत भवन के आगे कीकर के जंगल में छिपा है। कोतवाली पुलिस और स्वाट ने घेराबंदी कर गिरफ्तार करने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख अशोक ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अशोक के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया है। एएसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी अशोक के पैर में गोली लगी है। अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की कड़ी चेतावनी
एसपी ‘दीपक भूकर’ ने स्पष्ट किया कि उन्नाव जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन हरसंभव कदम उठाएगा। उन्होंने कहा, ष्यह घटना हमारे लिए एक चेतावनी है। हम किसी भी अपराधी को बख्शने वाले नहीं हैं। शांति और कानून व्यवस्था के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को कुचला जाएगा।