गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया है। इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। क्रैश होने वाला विमान एयर इंडिया का बी787 था। विमान में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सहित 242 लोग सवार थे। अब इस हादसे से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी इस प्लेन में सवार थे
कैसे हुआ हादसा?
एयर इंडिया का ये बयान गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था। हालांकि, गुरुवार को 1 बजकर 38 बजे उड़ान भरने के 5 मिनट बाद ही विमान रिहायशी इलाके (मेघानी नगर) में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान की कमान कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास थी। वहीं, उनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे। कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास 8200 घंटे विमान उड़ाने का अनुभव है। वहीं, उनके सह-पायलट को 1100 घंटे का उड़ान अनुभव था।
कौन हैं विजय रूपाणी?
विजय रूपाणी भारतीय जनता पार्टी के नेता और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री थे। विजय रुपाणी का जन्म रंगून में हुआ था जिसे अब यांगून, म्यामांर के नाम से जाना जाता है। उनका परिवार 1960 में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद गुजरात के राजकोट चला गया। रूपाणी जब स्कूल में थे वो तभी RSS की शाखा में शामिल हुए। इसके बाद वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जरिए वो भाजपा में शामिल हुए। साल 2014 में अपना विधानसभा चुनाव लड़ा और राजकोट पश्चिम से उपचुनाव जीता। साल 2006 से 2012 तक वो राज्यसभा के भी सदस्य थे। विजय रुपाणी ने साल 2016 से लेकर 2021 तक गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री के तौर पर भी काम किया है।
हादसे का शिकार हुए विमान में सवार थे ये 242 लोग
गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा हादसा हो गया। अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास मेघाणी नगर इलाके में गुरुवार दोपहर एयर इंडिया का लंदन जा रहा विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद ही क्रैश हो गया। विमान में चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।
232 यात्री और चालक दल के 10 सदस्य थे सवार
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक बयान में कहा कि अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास आवासीय इलाके में क्रैश हुए एअर इंडिया के विमान में 232 यात्री और चालक दल के 10 सदस्य सवार थे। बोइंग विमान को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम नीचे आता देखा गया और यह अपराह्न करीब 2.0 बजे हवाई अड्डे के नजदीक मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद, इलाके में काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा गया।
अहमदाबाद के लिए रवाना हुए अमित शाह
आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने तत्काल बचाव, निकासी और अग्निशमन अभियान शुरू कर दिया। सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। प्रधानमंत्री ने दोनों को अहमदाबाद जाने और इस दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों को तत्काल यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।
घायलों को सिविल अस्पताल में कराया गया भर्ती
एअर इंडिया ने X पर एक पोस्ट कर कहा, “अहमदाबाद-लंदन गैटविक की उड़ान संख्या एआई171 आज, 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिलहाल हम विवरण का पता लगा रहे हैं और जल्द ही आगे की जानकारी अपनी वेबसाइट के साथ-साथ एक्स हैंडल पर साझा करेंगे।” पुलिस ने बताया कि विमान अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि कई घायलों को शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने कहा, ”हम हताहतों के बारे में विवरण जुटा रहे हैं।” अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल वाहन मौके पर भेजे गए हैं
पीएम मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री से की बात, तत्काल मदद पहुंचाने के दिए निर्देश
अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस प्लेन में 242 यात्री सवार थे। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का काम किया जा रहा है। इस बीच पीएम मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की है। इस दौरान मंत्री नायडू ने पीएम मोदी को हादसे के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही मंत्री राम मोहन नायडू खुद हादसे की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने मंत्री नायडू से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से व्यक्तिगत रूप से बात की है। उन्होंने अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की घटना का जायजा लिया। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने पीएम मोदी को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने मंत्री नायडू को स्थिति के बारे में नियमित रूप से जानकारी देने को कहा है। बता दें कि सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं।
राम मोहन नायडू ने एक्स पर किया पोस्ट
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हादसे को लेकर एक्स पर एक पोस्ट की है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “अहमदाबाद में विमान दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध और स्तब्ध हूं। हम उच्चतम अलर्ट पर हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी विमानन और आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बचाव दल को तैनात कर दिया गया है, और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि चिकित्सा सहायता और राहत सहायता साइट पर पहुंचाई जाए। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं विमान में सवार सभी लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं।”