बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर घमासान तेज हो गया है। यहां गुरुवार को पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। इसके बाद अब सभी दलों का पूरा जोर दूसरे चरण के लिए है। दूसरे चरण के मतदान के लिए भी आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। ऐसे में सभी दलों के नेता आज चुनाव प्रचार में जान झोंकने को तैयार हैं। इस पूरे चुनाव प्रचार के बीच कहां-क्या हो रहा है, ये जानने के लिए यहां जुड़े रहें।
चुनाव प्रचार का आखिरी दिन आज
बिहार में दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। ऐसे में आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। बिहार में आज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कई नेताओं की जनसभाएं होनी हैं।
RJD के शासन में कोई सुरक्षित नहीं था: सीएम योगी
सीएम योगी ने एक जनसभा के दौरान कहा, “जिन लोगों का अतीत कलंकित है, उन लोगों पर विश्वास करने की आवश्कता नहीं। अकेले आरजेडी के शासनकाल में बिहार में 60 से अधिक नरसंहार की घटनाएं हुए थीं। 30 हजार से अधिक अपहरण की घटनाएं घटित हुई थीं। ना व्यापारी सुरक्षित था, ना इंजीनियर सुरक्षित था, ना चिकित्सक सुरक्षित था, ना बच्चे सुरक्षित थे, ना बेटियां सुरक्षित थीं। हमें फिर से जंगलराज नहीं आने देना है। अगर दरभंगा का एयरपोर्ट नहीं चला होता तो मैं कैसे यहां पहुंच पाता। लखनऊ से सुबह चलकर यहां अभी पहुंच पाया हूं।
NDA वोट चुराता है: मुकेश सहनी
वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा, “चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए कि क्या हो रहा है। सब जानते हैं कि विजय चौधरी नीतीश कुमार के बेहद करीबी हैं, और वो अपने इलाके में सारे जायज़-नाजायज़ काम करवाते हैं। ये सब जांच का विषय है। हम पहले ही कह चुके हैं कि एनडीए जनादेश से सरकार नहीं बनाता, वोट चुराता है, और ये सब दिख रहा है। अब जनता को फैसला करना होगा।”
पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी NDA: मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “ज़्यादा मतदान इस बात का संकेत है कि एनडीए चुनावों में आगे चल रही है। एनडीए बिहार में फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।”
मेरे बहुत सारे दुश्मन हैं: तेज प्रताप यादव
जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने कहा, “मेरी सुरक्षा बढ़ा दी गई है क्योंकि मेरी जान को खतरा है। लोग मुझे मरवा देंगे। बहुत सारे दुश्मन हैं।” तेज प्रताप यादव ने कहा, “तेजस्वी का जन्मदिन है और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। आशा करता हूं कि उनका भविष्य उज्ज्वल हो। उन्हें मेरा आशीर्वाद है।
झूठा प्रचार कर रहे हैं राहुल गांधी: संजय झा
मधुबनी में जेडीयू नेता संजय झा ने कहा, “लगभग 50% सीटों पर मतदान हो चुका है और लोगों की प्रतिक्रिया और मतदान प्रतिशत के आधार पर, एनडीए एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी सही कह रहे हैं कि 14 नवंबर को जब नतीजे आएंगे, तो एनडीए सरकार बनाएगा और वह शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। जहां तक राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों की बात है, तो वह झूठा प्रचार कर रहे हैं क्योंकि उन्हें बिहार के नतीजे पता हैं। यहां किसी का वोट कहां डिलीट हुआ है? ‘संविधान खतरे में है’ वाली बात वही पुराना झूठ है।”
भ्रष्टाचार की जननी थे लालू प्रसाद: अश्विनी चौबे
भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने कहा, “उनके लिए ‘सुशासन’ को चुनौती देना अभी बहुत दूर की बात है। क्या ये ‘कुशासन’ लोग ‘सुशासन’ लोगों को चुनौती दे सकते हैं? 90 के दशक में हमने जो आतंक देखा और झेला, 14 नवंबर को उनका पूरी तरह सफाया हो जाएगा। उनके पिता (लालू यादव) दुनिया भर में भ्रष्टाचार की जननी थे; उन्होंने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। बिहार की जनता ऐसे लोगों को नहीं बख्शेगी। और यह परिवार जो पूरी तरह से अपराध और हिंसा को बढ़ावा देता है, और अपराधियों का राजनीतिकरण करता है। पप्पू, लप्पू, सप्पू और गप्पू 14 नवंबर के बाद बंगाल की खाड़ी में ही दिखाई देंगे।”
राम मंदिर की जगह बस राम मंदिर बनना चाहिए था: दिनेश लाल यादव निरहुआ
भाजपा नेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने कहा, “तेजस्वी यादव को बताना पड़ेगा, अश्लील गानों का उस्ताद (खेसारी लाल यादव) उनके साथ घूमता है। वह हर दिन अपने बयान बदलते हैं। कभी कहते हैं कि उन्होंने ये सारे अश्लील गाने रवि किशन, मनोज तिवारी, निरहुआ और पवन सिंह से सीखे हैं। जब उनसे पूछा जाता है कि क्या वह इन लोगों को फॉलो करते हैं, तो वह साफ इनकार कर देते हैं। वह अपने किसी भी बयान पर कायम नहीं हैं। वह भागने की तैयारी कर रहे हैं। यह उनके बयानों से साफ है। मैं अब भी अपने बयान पर कायम हूं। राम मंदिर की जगह बस राम मंदिर बनना चाहिए था। अयोध्या तो सिर्फ झांकी है, अभी काशी मथुरा बाकी है। हम यही कहते रहेंगे। हम लोगों को शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा दे रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही हम अपने धर्म की भी बात कर रहे हैं। अपनी हार के बाद भी मैंने आजमगढ़ नहीं छोड़ा है। मैं आजमगढ़ के लिए काम करता रहूंगा। उन्होंने जो कुछ भी कहा है, उससे कहिए कि छपरा छोड़कर न भागे।”
SIR के नाम पर डरा रहा विपक्ष: चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “ये लोग SIR जैसे मुद्दे देख रहे हैं, जिसमें सरकार का कोई हाथ नहीं है। ये लोग हमेशा भ्रम फैलाकर चुनाव लड़ते आए हैं। ये विपक्ष की रणनीति का हिस्सा बन गया है। जब चुनाव आते हैं तो झूठी कहानी गढ़ी जाती है। लोकसभा के समय भी इन लोगों ने कहा था कि आरक्षण खत्म कर दिया जाएगा। आज सवा साल से ज़्यादा हो गया है, किसका आरक्षण छीना गया? इस बार SIR पर लोगों को डरा रहे हैं।”
राजद-कांग्रेस मुक्त सरकार बनाएगी जनता: विजय सिन्हा
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा, “सरकार सभी बिहारियों का मान, सम्मान और समृद्धि चाहती है।” राजद प्रमुख लालू यादव के ‘X’ पर ‘रोटी’ वाले पोस्ट पर उन्होंने कहा, “बिहार में राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद क्यों नहीं बदला जाता? एक ही सजायाफ्ता व्यक्ति वर्षों से राजद का राष्ट्रीय अध्यक्ष रहा है। उसे बदलने की कोई ज़रूरत नहीं है। वे ‘तवे पर रोटी’ नहीं बदल रहे हैं, जिनकी कथनी और करनी में विरोधाभास है, जिन्होंने बिहार को वर्गीकृत करके बदनाम किया है, जिन्होंने बिहारी शब्द को गाली बना दिया है, ऐसे व्यक्ति से बिहार को मुक्त करने की आवश्यकता है। जब तक लालू यादव और तेजस्वी यादव जैसे लोग रहेंगे, निवेशक नहीं आएंगे और बिहार में हमारे युवाओं को रोज़गार के सीमित अवसरों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए, इस बार बिहार की जनता बिहार को राजद-कांग्रेस मुक्त बनाएगी। हर बिहारी को गर्व होगा। अब समय है, और सही समय है, बिहारियों को गाली देने वालों से मुक्ति पाने का।”
जंगलराज की बातें पुरानी हैं: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “हमें जनता पर भरोसा है। हम जानते हैं कि उन्हें डेटा और आंकड़े कहां से मिलते हैं। पहले भी उन्होंने 400 पार वगैरह का नारा दिया था। लेकिन हमें सिर्फ़ जनता पर भरोसा है। जनता न्याय करेगी और तय करेगी कि उनके लिए क्या सही है। जंगलराज और ये सब बातें पुरानी बातें हैं। उन्होंने 20 सालों में जंगलराज क्यों नहीं ख़त्म किया? घुसपैठियों को बाहर क्यों नहीं निकाला? यह केंद्र सरकार और राज्य सरकार की नाकामी है। मैं इस नाकामी के लिए उनकी डबल इंजन वाली सरकार को ज़िम्मेदार ठहराना चाहता हू।”
तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। इस बार माहौल बहुत अच्छा है। बिहार की जनता आशीर्वाद दे रही है और बदलाव के लिए वोट कर रही है। प्रधानमंत्री हो या केंद्र के मंत्री हो ये लोग 65% आरक्षण के बारे में कुछ नहीं बोल रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “पूरे राज्य में लोग हमें आशीर्वाद दे रहे हैं और हमें पूरा विश्वास है कि वे बदलाव के लिए वोट कर रहे हैं। उन्होंने पहले चरण में भी ऐसा ही किया था और 11 नवंबर को दूसरे चरण में भी ऐसा ही करेंगे। चाहे प्रधानमंत्री मोदी हों, कोई भी मंत्री हों या एनडीए के नेता, उन्हें शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे असली मुद्दों पर बात करनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी गुजरात में कारखानों की बात करते हैं, लेकिन बिहार में बेतुकी बातें करते हैं।”
जनता ने जगंलराज को नकार दिया है: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “14 नवंबर को राहुल गांधी को बिजली का झटका लगेगा। राहुल गांधी ने वस्तुतः बिहार के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों का चयन किया था, और इस बार, यहां की जनता उन्हें इटली वापस भेज देगी। खड़गे जी जनता की नब्ज नहीं समझ पा रहे हैं। आज के बदलाव ने महागठबंधन को नकार दिया है। महिलाओं और यहां की जनता ने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार पर अपना भरोसा जताया है। यह बदलाव है। उन्होंने महागठबंधन की सत्ता और जंगल राज को नकार दिया है।”
बिहार में बदलाव होगा: मुकेश सहनी
विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा, “युवा बदलाव चाहते हैं। सभी जातियों, धर्मों और वर्गों के लोग महागठबंधन का समर्थन कर रहे हैं। हम पहले चरण में 80 से ज़्यादा सीटें जीतेंगे। बिहार में बदलाव की लहर है। निश्चित रूप से बदलाव होगा।”
लालू जी ने महिला आरक्षण विधेयक को फाड़ दिया: सम्राट चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “एनडीए को जिताएं ताकि बिहार में विकास कार्य जारी रहें। जिन लोगों ने जीवन भर जनता का पैसा और संसाधन चुराया है, जिन्होंने 55 साल तक देश को लूटा है, जिन्होंने चारा घोटाला किया है, वे हम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं। देश में जब भी आरक्षण लागू हुआ, वह भाजपा के समर्थन से हुआ। राजद ने हमेशा आरक्षण का विरोध किया है। लालू जी ने महिला आरक्षण विधेयक को फाड़ दिया।”
RJD प्रत्याशी शमशाद आलम के खिलाफ केस दर्ज
राजद प्रत्याशी शमशाद आलम पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। ज़िला मजिस्ट्रेट नवीन ने बताया, “उन्होंने बिना अनुमति के जुलूस निकाला, जिसमें अपमानजनक नारे लगाए गए।”
जनता भाजपा को जिताने जा रही: पीयूष मोहंती
भाजपा नेता पीयूष मोहंती ने बिहार चुनाव 2025 पर कहा, “बिहार में जनता बेहाल है बिहार की जनता लालू यादव और उनके परिवार से बेहाल है तो पीएम मोदी का मंत्र है सिर्फ विकास कोई बकवास नहीं। बिहार में भाजपा की बहुमत से सरकार आएगी। इसमें कोई दो मत नहीं है। इन्होंने (RJD) जो बिहार का हाल बेहाल किया है उसके लिए जो पीएम मोदी का मंत्र है सिर्फ विकास उसी मुद्दे पर बिहार की जनता भाजपा को जिताने जा रही है। भाजपा की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है।”
उल्टा पड़ जाता है राहुल गांधी का नारा: जयराम ठाकुर
भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोप पर कहा, “इसी प्रकार का नारा पहले भी लगाया गया था जिसमें ‘चौकीदार’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया जो उल्टा पड़ा। देश ने बहुत बड़े बहुमत के साथ पीएम मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। राहुल गांधी पूरी तरह से विफल हो चुके हैं। वे चाहते हैं कि इस विफलता में उनका नाम ना आए इसलिए वे आरोप पहले से ही तय कर लेते हैं। बहुत प्रचंड बहुमत के साथ बिहार में NDA गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।”
तेजस्वी यादव का आज 36वां जन्मदिन, राजद कार्यकर्ता बधाई देने में जुटे
तेजस्वी यादव का आज 36वां जन्मदिन हैं। राजद कार्यकर्ता तेजस्वी यादव को बधाई देने में लगे हैं। पटना में RJD के प्रदेश कार्यालय में तेजस्वी यादव को सीएम ऑफ बिहार बताते हुए बधाई के कई पोस्टर लगाए गए हैं। राजद कार्यालय के बाहर ‘जन्मदिन का उपहार सीएम ऑफ बिहार’ लिखकर सीएम की कुर्सी की तस्वीर के साथ पोस्टर लगाया गया है।
प्रशांत किशोर ने BJP-RJD पर साधा निशाना
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सीतामढ़ी में कहा, “वे (भाजपा) बिहार से वोट लेते हैं, इसलिए उन्हें बिहार में कारखाने भी लगाने चाहिए। पिछले 15 सालों से प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में नहीं, बल्कि गुजरात में कारखाने लगाए हैं। क्या यह आपको स्वीकार्य है? ‘नीतीश चाचा रहेंगे की जाएंगे?’ क्या आप ‘लालू का लालटेन’ चाहते हैं? लालटेन का जंगलराज? अब अगर आप लालू यादव, नीतीश कुमार या पीएम मोदी को वोट नहीं देंगे, तो फिर कौन बचेगा?”
बिहार के पास खुद को साबित करने का मौका: अवध ओझा
AAP नेता अवध ओझा ने बिहार विधानसभा चुनाव पर कहा, “बिहार का चुनाव कई मामलों में बहुत महत्वपूर्ण है। वोट चोरी का मुद्दा है, जंगलराज का मुद्दा है। वहीं जनसुराज ने भी विकास का नारा दिया है। अब देखना है कि बिहार की जनता कहां जाती है क्योंकि बिहार के पास बहुत अच्छा मौका है खुद को साबित करने का और एक नए बिहार को जन्म देने का।”
बिहार में हमारी सरकार बनने जा रही: नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिहार विधानसभा चुनाव पर कहा, “बिहार में NDA की सरकार बहुत बड़े मार्जिन के साथ आ रही है, क्योंकि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब व्यक्ति के लिए काम किए गए हैं। उसका परिणाम है कि देश भी विकसित बन रहा है और उसके साथ-साथ गरीब व्यक्ति भी सशक्त और मजबूत हो रहा है। बिहार में लगातार हमारी सरकार बनने जा रही है। ये डबल इंजन की सरकार का फर्क है…वहां के लोग फिर NDA की सरकार बना रहे हैं।”
NDA की बहुत बड़ी जीत होने वाली है: रवि किशन
भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, “NDA की बहुत बड़ी जीत होने जा रही है। ऐसी-ऐसी सीटों पर जीत होने जा रही है जिसकी कल्पना बिहार के लोगों ने भी नहीं की थी। बहुत बड़ी लहर है जिसका श्रेय प्रधानमंत्री और नीतीश कुमार की कार्यशैली को जाता है। बिहार अब कभी भी जंगलराज की तरफ नहीं जाना चाहेगा। बिहार अपने गौरव को तलाशता हुआ नीतीश कुमार और पीएम मोदी के नेतृत्व में यहां तक पहुंचा है। अब बिहार किसी लालटेन की ओर नहीं जाएगा। बिहार एक ऐसी बड़ी छलांग लगाने वाला है कि पूरे देश को इस राज्य पर गर्व होगा।”
कांग्रेस-राजद का गठबंधन पहले से ही निर्जीव: केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। हमारे (NDA) मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नीतीश कुमार थे, हैं और वही 14 तारीख के बाद भी होंगे लेकिन कांग्रेस और राजद का गठबंधन पहले से ही निर्जीव है। अगर उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तेजस्वी यादव को ही बनाना था तो ऐसा करने से उन्हें कौन रोक रहा था? वे अच्छे माहौल में ऐसा कर सकते थे… घोषणा के समय न उनके (कांग्रेस) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आए, न राहुल गांधी आए और न ही प्रियंका गांधी आईं… इससे समझ में आता है कि इनके गठबंधन में झोल है।”
RB News World Latest News