नई दिल्ली: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता आज पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी। आज दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता को दिल्ली के उपराज्यपाल सीएम पद की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में पीएम मोदी सहित केंद्रीय मंत्री भी शामिल रहेंगे। NDA शासित 20 राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम भी इस समारोह में शिरकत करेंगे। धर्म, उद्योग, फिल्म और क्रिकेट जगत की हस्तियों के अलावा 16 हज़ार से ज़्यादा नागरिक शपथ ग्रहण के गवाह बनेंगे। शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी खबरों के अपडेट के लिए इस पेज पर बने रहें
रेखा गुप्ता के पति का बयान
दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता ने पत्नी के शपथग्रहण समारोह से पहले कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनेंगी। उन्हें यह चमत्कार जैसा लगता है। यह उनके लिए खुशी की बात है कि पार्टी ने हमें इतना सम्मान दिया है।”
एकनाथ शिंदे और अजित पवार दिल्ली रवाना
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। दोनों नेता दिल्ली में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। सुनील तटकरे, प्रफुल पटेल, आशीष शेलार भी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।
रेखा गुप्ता को Z श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी
रेखा गुप्ता जैसे ही दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे उन्हें दिल्ली पुलिस की Z श्रेणी की सुरक्षा मिल जाएगी
यमुना की सफाई का जायजा लेने जाएंगी रेखा गुप्ता
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता पूरी कैबिनेट के साथ यमुना की साफ सफाई का जायजा लेने जाएंगी।
रेखा गुप्ता के साथ ये विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ
रेखा गुप्ता समेत कुल 7 विधायक आज शपथ लेंगे। प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र सिंह, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह
ईमानदारी के साथ जिम्मेदारी को निभाऊंगी-रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण से पहले कहा, “मुझे एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैं PM मोदी और शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझ जैसी साधारण परिवार से आने वाली बेटी पर भरोसा जताया। मैं अपनी पूरी क्षमता, ताकत और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारी को निभाऊंगी।
रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह
दिल्ली: रेखा गुप्ता सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं।
6 विधायक मंत्री पद की ले सकते हैं शपथ
भाजपा सूत्रों ने बताया कि गुप्ता के अलावा छह नवनिर्वाचित विधायकों प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंदर इंद्राज नई मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।
25 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे
दिल्ली के रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए शहर के मध्य, उत्तर और नयी दिल्ली क्षेत्रों में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। अर्धसैनिक बलों की 15 से अधिक कंपनियां कड़ी निगरानी रखेंगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘मजबूत’ सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
उपराज्यपाल ने सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया
उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता रेखा गुप्ता को दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इससे पहले गुप्ता ने उपराज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता को बुधवार शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान दिल्ली विधानसभा में सदन का नेता चुना गया। बाद में उन्होंने सक्सेना से मुलाकात की और राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने का दावा पेश किया।