Breaking News

राजगढ़ का राजू साल 2004 में लापता होकर कश्मीर पहुंच गया, 22 साल बाद याददाश्त लौटने पर श्रीनगर के डॉक्टरों और कुपवाड़ा पुलिस की मदद से घर लौटा.

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक ऐसा चमत्कार हुआ है जिसे देख हर किसी की आंखें नम हैं. साल 2004 में घर से लापता हुआ एक युवक पूरे 22 साल बाद कश्मीर के कुपवाड़ा से सुरक्षित वापस लौट आया है. बेटा तो उसे मृत मान चुका था. मगर पत्नी के मन में तब भी ये ख्याल था कि उसका पति एक ना एक दिन जरूर लौटेगा. हुआ भी ऐसा ही. बेशक देर लगी, लेकिन पति आखिरकार लौट आया.

खिलचीपुर-भोजपुर के भूमरिया गांव निवासी राजू (बदला हुआ नाम) साल 2004 में अचानक लापता हो गए थे. परिजनों ने काफी तलाश की. पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. भटकते-भटकते राजू मध्य प्रदेश से हजारों किलोमीटर दूर कश्मीर के कुपवाड़ा पहुंच गए थे.

इतने सालों तक राजू कहां रहे और किन परिस्थितियों में रहे, ये अब भी एक रहस्य है. क्योंकि पिछला उन्हें कुछ भी याद नहीं है. साल 2025 में उनकी खराब मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उन्हें श्रीनगर के मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती कराया. वहां डॉ. मारिया जहूर और समाजसेवी डॉ. सज्जाद उर रहमान बट्ट की देखरेख में उनका इलाज चला. धीरे-धीरे याददाश्त वापस आने लगी और उन्होंने एमपी के राजगढ़ का पता बताया.

राजू की पत्नी की कहानी त्याग और धैर्य की मिसाल है. पति के लापता होने के बाद वह अपने मायके संवासड़ा (कालीपीठ) में रहने लगीं. उन्होंने इस उम्मीद में दूसरी शादी नहीं की कि शायद कभी राजू लौट आएं. उन्होंने कहा- मुझे कहीं ना कहीं यकीन था कि राजू एक ना एक दिन जरूर लौटेंगे. जब राजू गायब हुए थे, तो उनका बेटा महज 2 साल का था. आज वही बेटा 24 साल का है और उसकी खुद की एक बेटी है. पत्नी ने अकेले दम पर बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया और उसकी शादी भी करवाई.

कुपवाड़ा पुलिस की सूचना और घर वापसी

राजू की याददाश्त वापस लौटी तो उन्होंने पुलिस को अपना एड्रेस बताया. कुपवाड़ा पुलिस ने फिर खिलचीपुर पुलिस से संपर्क किया. कोटवार के माध्यम से जब परिजनों तक यह खबर पहुंची कि राजू जीवित हैं, तो किसी को यकीन नहीं हुआ. 15 फरवरी 2026 को पुलिस टीम उन्हें लेकर राजगढ़ पहुंची.

दादा बन चुके हैं राजू, नन्ही पोती को गोद में उठाया

घर वापसी का नजारा बेहद भावुक था. 22 साल पहले जो बेटा पिता की उंगली पकड़कर चलता था, आज उसने अपने पिता को सहारा दिया. राजू ने अपनी पोती को पहली बार गोद में लिया. पत्नी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे. साले और अन्य रिश्तेदारों ने इसे ईश्वरीय चमत्कार बताया है.

About Manish Shukla

Manish Shukla
मैं मनीष शुक्ला RBNEWS PVT LTD नेटवर्क में मुख्य संपादक एवं डायरेक्टर हूं. मीडिया उद्योग में 4 वर्षों से अधिक अनुभव के साथ, मैं रिपोर्टिंग और विश्लेषण में अपने अनुभव का लाभ उठाकर पाठको को आकर्षित और जागरूक करने वाली उच्च-प्रभाव वाली खबरों को सत्यतापूर्वक पेश करता हूं. वर्तमान में, मैं यु.पी., एम.पी., बिहार, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल एवं दिल्ली सरकार की राजनीतिक व अपराधिक घटनाओं, एवं प्रवर्तन निदेशालय (ED), CBI को कवर करने, के साथ कुछ इंटरव्यू और समसामयिक मामलों पर व्यावहारिक विश्लेषण प्रदान करने के लिए ज़िम्मेदारी निभा रहा हूं.

Check Also

मुंबई: सुनेत्रा पवार 26 फरवरी को एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे, पार्टी नेताओं की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर सुनेत्रा पवार के नाम सभी ने हामी भर दी

मुंबई: सुनेत्रा पवार 26 फरवरी को एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *