Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक तेज रफ्तार कार का बैलेंस बिगड़ा और वो नहर में जा गिरी. हादसे में कार सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मरने वालों में दो लॉ स्टूडेंट थे. हादसा इतना भीषण था कि कार पहले पानी की टंकी से टकराई और फिर सीधे नहर में जा पलटी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को नहर से बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है.
हादसा डींग गोवर्धन बाईपास के देरिया नगला मोड़ पर हुआ. मामले में जांच जारी है. पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
राजस्थान जा रहे थे चारों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त महावन थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान राहुल, अमित और मोहित सहित एक अन्य के रूप में हुई है. चारों दोस्त कार (UP85 CV 9856) से राजस्थान के डीग में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी नगला दैवीय के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया.

ये था हादसे का असल कारण
बताया गया है कि तेज रफ्तार और मोड़ घटना का कारण है. तेज मोड़ पर गाड़ी की स्पीड अधिक होने के कारण हादसा हुआ. मृतकों में अमित और मोहित लॉ की पढ़ाई कर रहे थे, जबकि राहुल सिलाई का काम करता था. जिस कार से हादसा हुआ, वह राहुल के भाई एडवोकेट सज्जन सिंह की थी. स्थानीय लोगों ने पुलिस के आने से पहले दो शवों को बाहर निकाला. बाद में क्रेन की मदद से कार को बाहर निकालकर अन्य दो शव बरामद किए गए.
RB News World Latest News