हरियाणा पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार देर रात यमुनानगर के धोलेरा-रादौर नए हाइवे पर मुठभेड़ हो गई। इस दौरान शेरगढ़ निवासी रजत कुमार, जिसके पिता का नाम कर्मवीर बताया जा रहा है, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। मुठभेड़ में सीआईए-2 यमुनानगर के सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार को भी गोली लगी। गोली उनके कंधे के पास से आर-पार हो गई। घायल एसआई को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पाते ही एसपी यमुनानगर कमलदीप गोयल खुद सिविल अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अस्पताल परिसर और मुठभेड़ स्थल पर एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
लंबे समय से पुलिस कर रही थी तलाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदमाश रजत कुमार लंबे समय से कई आपराधिक मामलों में वांछित था। सीआईए की टीम को उसकी गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने धोलेरा-रादौर हाइवे पर नाका लगाया। पुलिस को देखते ही रजत ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
एसपी ने लिया स्थिति का जायजा
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि पुलिस टीम पूरी तरह सतर्क थी और आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान बदमाश ढेर हो गया। घायल एसआई का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
कुरुक्षेत्र में भी मुठभेड़ में बदमाश घायल
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वहीं कुरुक्षेत्र में भी सीआईए-1 की टीम और बदमाश के बीच गांव सोंटी के पास रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया। यह वही आरोपी है जो लाडवा और यमुनानगर के शराब ठेकों पर गोलीबारी की वारदात में शामिल था। पुलिस रिकॉर्ड में यह बदमाश वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
RB News World Latest News