Breaking News

लोकसभा चुनावों के लिए कांगेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी, पहली सूची में राहुल गांधी, शशि थरूर और भूपेश बघेल समेत कुल 39 नेताओं के नामों का ऐलान

नई दिल्ली: लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी मुख्यालय में आज प्रेस कांफ्रेंस करते हुए संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी कोषाध्यक्ष अजय माकन और संचार महासचिव जयराम रमेश ने पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। मीडिया को संबोधित करते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह चुनाव देश के लोकतंत्र को बचाने वाला होगा। इस चुनाव में युवा, किसान और महिलाएं जनविरोधी सरकार को हटाकर इंडिया गठबंधन को सत्ता में लायेंगे। बता दें कि कांग्रेस पार्टी की इस सूची का पिछले कई दिनों से इंतजार किया जा रहा था।

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा कि 14 जनवरी से राहुल गांधी के नेतृत्व चली आ रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा 17 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। इस यात्रा को विशाल रैली के साथ समाप्त किया जाएगा। इस समापन समारोह के लिए केसी वेणुगोपाल ने इंडिया गठबंधन के दलों को आमंत्रित किया है।

वायनाड से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी 

पहली सूची में कांग्रेस ने 39 सीटों के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इसमें राहुल गांधी वायनाड से ही चुनाव लड़ेंगे। इसके राजनांदगांव से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चुनाव लड़ेंगे। वही दुर्ग लोकसभा से राजेंद्र साहू चुनावी मैदान में उतरेंगे। इसके साथ ही तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर चुनावी मैदान में उतरेंगे। वहीं कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री के भाई डीके सुरेश भी बेंगलुरु ग्रामीण से लोकसभा चुनावी मैदान में उतरेंगे। इसके साथ ही रायपुर से विकास उपाध्याय चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

पहली सूची में 15 सामान्य वर्ग और 24 एससी/एसटी/ओसबीस/अल्पसंख्यकों को टिकट दिया गया है। इसके साथ ही 12 उम्मीवार 50 साल से कम उम्र के हैं जबकि 8 उम्मीदवार 50 से 60 साल की उम्र के हैं। वहीं 7 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी उम्र 71 से 76 वर्ष है। पार्टी की पहली सूची में 6-6 सीटें छत्तीसगढ़ और कर्नाटक की हैं। इसके साथ ही केरल की 15 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। वहीं मेघालय के 2, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम से 1 और वहीं तेलंगाना की चार सीटों से उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है।

डीके सुरेश पर फिर जताया भरोसा

बेंगलुरू ग्रामीण लोकसभा सीट पर सांसद डीके सुरेश पर एक बार फिर से भरोसा जताया गया है।  डीके सुरेश प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्य के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के भाई हैं।  2019 के चुनाव में कर्नाटक से कांग्रेस ने डीके सुरेश के रुप में एक मात्र सीट जीती थी।

कन्नड़ एक्टर की पत्नी को दिया टिकट

शिवमोग्गा से कांग्रेस ने गीता शिवराजकुमार को टिकट दिया है। यहां से बीएस येदियुरप्पा के बड़े बेटे बीवाई  राघवेंद्र यहां से सांसद हैं। गीता शिवराजकुमार कन्नड़ फिल्मों के सुपर स्टार शिवराजकुमार की पत्नी हैं। शिवराजकुमार के पिता राजकुमार कन्नडा फिल्म इंडस्ट्री के लेंजेडरी आर्टिस्ट थे। कर्नाटक में शिवराजकुमार की जबरदस्त फैन फोलोइंग है उनके दिवंगत छोटे भाई पुनीत राजकुमार और पिता राजकुमार के लिए भी कर्नाटक के लोगों के मन में सम्मान है।

दरअसल कांग्रेस शिव राजकुमार को ही पार्टी में लाकर चुनाव लड़वाना चाहती लेकिन शिवराजकुमार ने अपनी पत्नी को आगे कर दिया। कांग्रेस पार्टी को लगता है कि कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में राजकुमार परिवार का आना उनके लिए चुनाव में फायदेमंद होगा।

पहली लिस्ट में 39 उम्मीदवारों का ऐलान

बता दें कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 39 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, जिसमें सबसे प्रमुख नाम पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का है, जो एक बार फिर केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने लोकसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़, केरल और कई अन्य राज्यों की 39 सीट के लिये उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई थी। राहुल गांधी के अलावा इस सूची में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। वेणुगोपाल केरल की अलप्पुझा, थरूर तिरुवनंतपुरम और बघेल छत्तीसगढ़ की राजनांदगाव सीट से चुनाव लड़ेंगे।

सोमवार को होगी CEC की बैठक 

वहीं सूत्रों के अनुसार खबर आ रही है कि सोमवार को कांग्रेस की सीईसी में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, दिल्ली, मध्य प्रदेश , राजस्थान और छत्तीसगढ़ की बची हुई सीटों पर चर्चा हो सकती है। लेकिन सोमवार को भी सीईसी में यूपी की सीट पर चर्चा नहीं होगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अमेठी और राय बरेली जैसी सीटों पर अंतिम समय तक सस्पेंस बनाए रखना चाहती है। इसलिए यूपी की सीट पर संभावना है की चर्चा सोमवार को भी न हो।

ये नेता नहीं लड़ना चाहते चुनाव 

इसके साथ ही बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला कर्नाटक प्रभारी, जितेंद्र सिंह मध्य प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह जैसे नेता संगठन में काम करने की दुहाई देकर चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। हालांकि आलाकमान ने अभी इस बात पर निर्णय नहीं लिया है। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि वैभव गहलोत लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और अशोक गहलोत चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे। यही हालात मध्य प्रदेश में भी बनते हुए दिख रहे हैं। यहां भी नकुल नाथ चुनाव लड़ेंगे, वहीं पिता कमल नाथ नहीं।

संगठन के ये नेता लड़ेंगे चुनाव 

हालांकि ऐसा नहीं है कि कांग्रेस में संगठन का हर नेता लोकसभा चुनाव से दूर हट रहा हो। कुछ नेता ऐसे भी हैं, जो चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। इन नेताओं में दो के नाम सामने आ चुके हैं। बताया जा रहा है कि राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और मणिकम टैगोर चुनावी जंग में उतरने को तैयार हैं। हालांकि अभी इन नेताओं की सीट तय नहीं हुई हैं।

प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने पर सस्पेंस जारी

कांग्रेस की पहली लिस्ट में सबसे ऊपर राहुल गांधी का नाम तो फाइनल हो गया लेकिन बहन प्रियंका गांधी का नाम कहीं नहीं दिखा। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। रायबरेली सीट गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। हालांकि कांग्रेस की आज जारी की गई लिस्ट में प्रियंका गांधी का नाम नहीं है। लिहाजा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लोकसभा चुनाव लड़ने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अब सोनिया गांधी के राज्यसभा में जाने के बाद रायबरेली सीट खाली हो गई है। लेकिन प्रियंका गांधी की रायबरेली से दावेदारी को लेकर कांग्रेस ने अभी तक सस्पेंस बनाया हुआ है।

शशि थरूर और वेणुगोपाल की सीट भी घोषित

तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर चुनाव लड़ेंगे। कर्नाटक के हासन से श्रेयस पटेल और बेंगलुरु ग्रामीण से डीके सुरेश को टिकट दिया गया है। इस लिस्ट के मुताबिक, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल केरल की अलप्पुझा और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ की राजनांदगाव सीट से चुनाव लड़ेंगे। कोरबा से ज्योत्सना महंत, छत्तीसगढ़ के दुर्ग से राजेंद्र साहू को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ से जांजगीर से शिवकुमार डहारिया, रायपुर से विकास उपाध्याय और छत्तीसगढ़ के महासंमद से ताम्रध्वज साहू को चुनावी मैदान में उतारा जा रहा है।

पहली लिस्ट में का जातीय समीकरण

गौरतलब है कि कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 15 उम्मीदवार सामान्य वर्ग से और 24 अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार को छत्तीसगढ़, केरल और कई अन्य राज्यों में करीब 40 सीट के लिये उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई थी। कांग्रेस की इस लिस्ट से कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।

About Manish Shukla

Check Also

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ बीजू जनता दल नेता रणेन्द्र प्रताप स्वैन ने पार्टी सुप्रीमो नवीन पटनायक को वक्फ संशोधन विधेयक के समर्थन में कुछ पार्टी सांसदों की ओर से मतदान किए जाने के विवाद पर पत्र लिख चिंता जताई

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ बीजू जनता दल नेता रणेन्द्र प्रताप स्वैन ने पार्टी सुप्रीमो नवीन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *