जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान हादसे की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, गंदेरबल जिले में अमरनाथ यात्रा के बालटाल मार्ग पर बुधवार को भूस्खलन यानी लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। इस हादसे में एक महिला तीर्थयात्री की मौत की खबर है। महिला की पहचान राजस्थान की 55 वर्षीय सोना बाई के रूप में की गई है। आइए जानते हैं पूरी घटना के बारे में।
क्यों हुआ भूस्खलन?
अमरनाथ यात्रा के दौरान बुधवार को हुई बारिश के कारण बालटाल से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार- बुधवार को बालटाल मार्ग पर रेलपथरी के पास ज़ेड मोड़ पर यात्रा मार्ग पर पहाड़ से अचानक बारिश का पानी गिरने से भूस्खलन हुआ। सूत्रों ने बताया कि इस भूस्खलन की घटना के दौरान राजस्थान की एक महिला को बेहोशी की हालत में चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। उसकी पहचान 55 वर्षीय सोना बाई के रूप में हुई है। चिकित्सा केंद्र में वह मृत पाई गई।