बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर भड़की हिंसा ने पूरे शहर को दहला दिया। कानपुर से शुरू हुआ यह विवाद अब अलग-अलग शहरों में फैल गया है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पों के दौरान पथराव, गोलीबारी और आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ। उपद्रवियों की तरफ से हुए पथराव और बवाल के चलते 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 30 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 50 से ज्यादा को हिरासत में लिया गया है। मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना तौकीर रजा को हाउस अरेस्ट कर दिया गया है और उनके खिलाफ FIR दर्ज हो सकती है।
कानपुर से शुरू हुआ ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद अब बरेली और मऊ जैसे शहरों तक पहुंच चुका है। शुक्रवार को बरेली के इस्लामिया मैदान के बाहर जुमे की नमाज के बाद सैकड़ों प्रदर्शनकारी इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर जमा हुए। वे ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रहे थे। हालांकि प्रशासन ने पहले ही इलाके में धारा 163 लगा दी थी, बावजूद इसके प्रदर्शनकारी मस्जिद के बाहर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बेकाबू हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर सुनियोजित तरीके से हमला बोला।
पुलिस कर रही उपद्रवियों की पहचान
भीड़ ने इस्लामिया मैदान से भागकर गलियों में शरण ली और वहां से पत्थरबाजी शुरू कर दी। उपद्रवियों ने अपने साथ बैनर-पोस्टर लाकर पुलिस को निशाना बनाया। हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागे गए। झड़प के दौरान पुलिस पर गोली चलाई गई, जिसके जवाब में फायरिंग की गई। इस मामले में अब तक 30 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 50 लोग हिरासत में हैं। DIG अजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लोग मस्जिद के आसपास के इलाके के रहने वाले हैं, जो तौकीर रजा का वीडियो देखकर जमा हुए थे। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए बाकी उपद्रवियों की पहचान कर रही है।
तौकीर रजा ने प्रशासन पर लगाए आरोप
हिंसा के केंद्र में मौलाना तौकीर रजा का नाम प्रमुखता से उभर रहा है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस उन्हें बरेली हिंसा का मास्टरमाइंड मान रही है। गुरुवार रात से वे अपने दोस्त के घर पर ठहरे हुए थे, जहां उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया। पुलिस ने तौकीर रजा को किसी अज्ञात जगह ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, घर के सभी लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस हिंसा में उनके रोल की जांच कर रही है। अगर जांच में उनकी संलिप्तता साबित हुई, तो उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। दूसरी ओर, तौकीर रजा ने वीडियो संदेश जारी कर पुलिस और प्रशासन पर साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि हिंसा के लिए प्रशासन जिम्मेदार है।